हमारे कई पढने वालों ने हमसे एकाग्रता (Concentration) को लेकर इस बार कई प्रश्न किये जिनके गहन उत्तर हमने इस लेख द्वारा देने की कोशिश की है | आप में से बहुत से लोग इस बात से बहुत परेशान रहते होंगे कि उनका मन किसी काम में पूर्णत: नहीं लग पाता और Students तो यह शिकायत अवश्य करते हैं | ये परेशानी हम सब के जीवन में कभी न कभी अवश्य आती है और इसका मूल कारण है जीवन में एकाग्रता (Concentration) का अभाव | एक सफल व्यक्ति बनने के लिए एकाग्रता का होना अत्यंत आवश्यक है | जीवन के प्रत्येक क्षण में आपको एकाग्रता (Concentration) की आवश्यकता पड़ती है | हर एक कलाकार अपनी कला प्रस्तुत करने में तब तक सक्षम नहीं है जब तक वह एकाग्रता का अनुसरण न करे |
What is Concentration?
एकाग्रता यानी
Concentration, क्या है ये एकाग्रता ?
एकाग्रता (Concentration) वह है जब मनुष्य की सारी मानसिक तथा शारीरिक शक्ति उसी कार्य में लगी हो जो उसे करना है तथा और उस समय में किसी और चीज़ या कार्य पर उसका ध्यान न जाए | मगर ऐसा करना इतना सरल नहीं है क्योंकि अक्सर हम मनुष्यों का मन अपने आस-पास कि चीज़ों को देख कर या शोर-गुल को सुन कर विचलित हो उठता है और मन भटकाने वाली चीज़ें हर जगह मौजूद होती हैं | संस्कृत में कहा गया है-
“तप: सु सर्वेषु एकाग्रता परमं तप:”
इसका अर्थ है, सभी तपस्याओं को करने से बड़ा तप है एकाग्रता (Concentration)| जीवन का कोई भी साधारण सा कार्य बिना एकाग्रता के निष्फल ही रहता है फिर चाहे वह ईश्वर की साधना हो, साइंस का कोई परीक्षण हो, पढ़ाई में ध्यान लगाना हो या रसोई में खाना पकाना |
यहाँ एक छोटा सा उदाहरण लेते हैं – कभी किसी मूर्तिकार को मूर्ति बनाते हुए देखा है आपने, उसका मन, हृदय, उसकी आँखें सभी उस मूर्ति में विलीन होते हैं, मूर्ति बनाते समय उसे कुछ और न तो सुनाई देता है, न दिखाई देता है और फलस्वरूप एक ऐसी मूर्ति उभर कर आती है जिसे देखते ही हम मंत्र मुग्ध हो जाते हैं | इस उदाहरण द्वारा आप भली भाँती समझ गए होंगे कि एकाग्रता (Concentration) क्या है |
बहुत से लोगों को लगता है कि भक्ति या योग साधना द्वारा एकाग्रता प्राप्त की जा सकती है | बिना एकाग्रता पर ध्यान दिए वह कुछ समय तक भक्ति तथा योग करते रहते हैं और उसके पश्चात पछताते कि सब करके देख लिया परन्तु अपने मन को किसी एक ओर एकाग्र (Concentrate) नहीं कर पाए |
एकाग्रता का महत्व
एकाग्रता हम सभी के जीवन में बहुत ही महत्वपूर्ण है क्योंकि एकाग्रता के बिना आप कोई भी कार्य पूर्ण रूप से नहीं कर सकते और कर भी लेते हैं तो आपको संतुष्टि तो कदापि नहीं मिलेगी | यदि आप पूजा अर्चना कर रहे हैं और ध्यान बाहर हो रही हलचल या टेलीविज़न पर चल रहे धारावाहिक में खोया हुआ है तो पूजा अर्चना तो पूर्ण रूप से निष्फल ही रह गयी | अगर आप खाना पकाते समय किसी और काम की चिंता में खोये हुए हैं तो अक्सर सब्जी में नमक कम या अधिक हो जाता है फलस्वरूप आपका कार्य बिगड़ जाता है | हम आपको कुछ उपाय बताते हैं जो मन को एक कार्य की ओर एकाग्रित करने में आपकी सहायता करेंगे क्योंकि एकाग्रता (Concentration) ही मनुष्य को सफलता (Success) तक पहुंचाती है |
यदि एक बार आपके मन में एकाग्रता का वास हो जाए तो आप अपने कार्यों को किसी भी जगह बिना ध्यान भटकाए पूर्ण रूप से कर सकते हैं | आपके कार्य फिर कहीं भी बाधित नहीं होंगे फिर चाहे आप ट्रैफिक में उसे पूर्ण करें या रिश्तेदारों के बीच बैठकर |
शांत मन ही एकाग्रता पाने का पहला चरण है
मनुष्य का मन बहुत ही चंचल होता है जो तितली की तरह कहीं भी नहीं टिकता | जब तक मन शांत व् स्थिर नहीं होता तब तक एकाग्रता पाना भी असंभव ही रहता है | इसीलिए हम आपको कुछ छोटी–छोटी बातें बताते हैं जो मन को शान्ति प्रदान करने हेतु महत्वपूर्ण हैं जैसे कि आपको व्यर्थ की बातों के बारे नहीं सोचना चाहिए जिनसे आपका कोई सरोकार न हो | मन को शांत रखने हेतु भय, क्रोध तथा द्वेष जैसी त्रुटियों से बचने का प्रयत्न करना चाहिए | शांत तथा तनाव रहित मन:स्थिति बनाए रखने के लिए कुछ संगीत भी आप सुन सकते हैं | सुबह के समय किसी हरी भरी जगह व्यायाम करने से या पार्कों में टहलने से भी मन को अत्यधिक सुकून की प्राप्ति होती है |
Concentration Tips in Hindi
मन को एकाग्रित करने के कुछ उपाय
यहाँ हम आपको मन को एकाग्रित करने के कुछ महत्वपूर्ण उपाय बताते हैं जैसे कि
अपने घर में किसी जगह पर एक केंद्र बिंदु बनायें तथा उसकी ओर ध्यान केन्द्रित करें | यह विधि अपनाते समय आरम्भ में आपका ध्यान कई बार टूटेगा फिर धीरे धीरे स्थिरता प्राप्त होगी | ध्यान केन्द्रित करने का समय धीरे धीरे बढ़ाएं | वैज्ञानिक शोधकर्ताओं द्वारा भी यह विधि प्रमाणित है | इससे आपको एकाग्रता (Concentration Power) बढ़ाने में सहायता मिलेगी तथा यह आपकी स्मरण शक्ति (Memory Power) को भी बढ़ाएगा |
जल्दी सुबह उठकर मैडिटेशन (Meditation) करने से भी आपका मन शांत रहेगा तथा आपको एकाग्रता बढ़ाने में मदद मिलेगी |
एकाग्रता बढ़ाने के लिए यह अति आवश्यक है आपका मन क्रोध से रहित हो, क्योंकि क्रोधी मन कभी एकाग्र नहीं हो सकता |
एक ही समय में कई काम करने से आप कभी एकाग्रता से कार्य नहीं कर पायेंगे | आपको चाहिए कि एक समय में एक ही कार्य करें, उसी के बारे में विचार करें तथा हर कार्य के लिए अलग अलग समय सुनिश्चित करें |
एकाग्रता के लिए एक और अहम आवश्यकता होती है – भरपूर नींद | आपको एक अच्छी नींद के बाद स्फूर्ति से काम करने की ताकत मिलती है तथा मन भी तनाव रहित व शांत रहता है, जो एकाग्रता (Concentration) के लिए अत्यावश्यक है |
अनुशासन भी एकाग्रता के लिए अत्यंत आवश्यक है | आप समय निर्धारित करें कि इस समय में आपको यही काम करना है, हो सकता है कुछ समय तक आपका ध्यान भटकता रहे, परन्तु कार्य संपूर्ण होने से पहले या निर्धारित समय से पहले आप नहीं उठें | कुछ दिनों में आप महसूस करेंगे कि आपका ध्यान धीरे धीरे उस ओर केन्द्रित (Focus) होने लगा है |
Concentration Tips For Students
विद्यार्थियों के लिए एकाग्रता के उपाय
अब हम केवल Students की बात करें तो उन्हें सबसे अधिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है जब परीक्षा से पूर्व उनका मन विचलित रहता है | Students को चाहिए कि वह एक समय सारणी (Time Table) बनाए जिसमें वह पढने का समय सुनिश्चित करें | उदाहरण के लिए
पहले आप दिन में दो घंटे का समय केवल पढने के लिए निर्धारित करें |
अपना भोजन ग्रहण कर तथा पानी पीकर बैठे ताकि आपको उठने की आवश्यकता न पड़े |
शांत वातावरण को चुनें तथा मोबाइल फ़ोन व् टेलीविज़न से दूर रहे |
हो सकता है कि ये उपाय आरम्भ में आपको परेशान करें और आपका मन पढ़ाई (Study) में न लगे पर वहीँ बैठे रहे | चाहे कितनी ही चीज़ें आपके मन को विचलित करती रहे पर आप प्रयत्न करते रहे कि आपका ध्यान किताबों में लग सके | कुछ ही दिनों में आपको उस समय में पढने की आदत पड़ जाएगी तथा आपका मन भी उस चीज़ को स्वीकार कर लेगा | तत्पश्चात पढने के समय को धीरे धीरे बढ़ाएं |
निष्कर्ष:
एकाग्र मन होने पर ही एक Student परीक्षा में अच्छे अंकों से उतीर्ण होता है | हर एक सफल व्यक्ति अपने हर कार्य को एकाग्रता से ही करता है, उसे फिर चाहे लोग उसकी प्रशंसा करें या निंदा, वह अपने कार्य को आत्मविश्वास (Self-confidence) से तब तक करता है जब तक वह पूर्ण नहीं होता | चाहे पढ़ाई हो, बड़ा व्यापार हो, रस्सी पे चलने जैसा करतब दिखाना हो या मिट्टी के बर्तन बनाना हो, कोई भी कार्य एकाग्रता (Concentration) के बिना असंभव ही प्रतीत होता है |
All the Best !
No comments:
Post a Comment